Khabarilaal News Desk:

वाराणसी | प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी में उपभोक्ताओं को बेहतर, सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दो अत्याधुनिक 24×7 विद्युत वैन का उद्घाटन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बिजली फॉल्ट को तेजी से ठीक कर सप्लाई को जल्द बहाल करना है।

24 घंटे  सेवा के लिए तीन शिफ्ट में काम करेगी टीम

इन विशेष वैन को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक तकनीकी संसाधनों से लैस किया गया है। शहर में चौबीसों घंटे सेवा देने के लिए इन पर तैनात कर्मचारी प्रतिदिन 8-8 घंटे की तीन शिफ्टों में कार्य करेंगे। प्रत्येक शिफ्ट में सुपरवाइजर, लाइनमैन और हेल्पर की टीम मौजूद रहेगी।

बिजली फॉल्ट से लेकर ट्रांसफॉर्मर बदलने तक त्वरित समाधान

इन वैन के माध्यम से हाई टेंशन (HT) लाइनों का रखरखाव, ट्रांसफॉर्मर बदलना, भूमिगत केबल फॉल्ट सुधार, जर्जर तारों की मरम्मत, झुके या टूटे बिजली के खंभों को ठीक करना और पेड़ों की छंटाई जैसे कार्य तेजी से किए जाएंगे। इसके अलावा नियमित सर्वे कर संभावित खराबियों को पहले ही दूर किया जाएगा।

उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन 24×7 आपातकालीन वैन के संचालन से बिजली कटौती की समस्या में कमी आएगी और आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम

यह पहल वाराणसी में बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत, तेज और सुचारु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिल सकेगी।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

10 + 5 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!