Khabarilaal news desk 

वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मालवीय भवन में 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

कुलपति की अध्यक्षता में बैठक कर तैयार की गई कार्यक्रम की रूपरेखा

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में कुलपति, कुलसचिव, विभिन्न संस्थानों के निदेशक, संकाय प्रमुख, केंद्र समन्वयक तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। योग दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए हाल ही में कुलपति की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई थी, जिसके अनुरूप व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

200 एनएसएस 200 से अधिक स्वयंसेवक तथा 300 से अधिक विद्यार्थी लेंगे भाग

इस वर्ष के आयोजन में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के लगभग 300 कैडेट, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 200 से अधिक स्वयंसेवक तथा मालवीय भवन में संचालित योग पाठ्यक्रम के 300 से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार लगभग 1000 से 1200 प्रतिभागियों की उपस्थिति रहने की संभावना है, जिससे यह आयोजन विश्वविद्यालय के सबसे बड़े योग कार्यक्रमों में शामिल होगा।

आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 14 दिवसीय अष्टांग योग कार्यशाला का भी आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 14 दिवसीय अष्टांग योग कार्यशाला का आयोजन भी किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 जून से 19 जून तक विभिन्न योग प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिनमें विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक

योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक मालवीय भवन परिसर के दोनों ओर स्थित लॉन तथा मुख्य सभागार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सामान्य योग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

9 + 9 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!