Khabrilaal News Desk :

वाराणसी – मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक बृहस्पतिवार को संपन्न हुई। बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।

आयुष्मान कार्ड की प्रगति पर नाराजगी

बैठक के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को फटकार लगाते हुए उनके वेतन को लगातार दूसरे माह अवरुद्ध करने के निर्देश दिए गए।

नोडल अधिकारी सहित कर्मियों का वेतन रोका गया

आयुष्मान सेल में कार्यरत कर्मियों के साथ-साथ आयुष्मान नोडल डॉ. आर.के. सिंह का भी कार्य में शिथिलता और निर्देशों का अनुपालन न करने पर वेतन रोकने का निर्देश दिया गया।

स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सीडीओ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में क्षमता के अनुसार 100 प्रतिशत बच्चों को भर्ती करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों के संदर्भन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा।

रैंकिंग सुधारने पर दिया जोर

उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में वाराणसी के पांचवें स्थान पर होने पर सीडीओ ने स्वास्थ्य संकेतकों में निरंतर सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि जनपद की रैंकिंग बेहतर बनी रहे।

टीबी मुक्त अभियान और अन्य निर्देश

टीबी मुक्त अभियान के तहत स्क्रीनिंग बढ़ाने, टीबी नोटिफिकेशन रेट में सुधार, फोर एएनसी (चार प्रसव पूर्व जांच) में वृद्धि तथा आरबीएसके कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित बच्चों को शत-प्रतिशत उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान जनपद स्तरीय चिकित्सालयों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

1 + 6 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!