Khabrilaal News Desk :

जौनपुर – सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात में नकाबपोश बदमाशों ने बारात पर हमला कर दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

शहनाई से पहले गूंजी गोलियां

जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी रामलखन का 21 वर्षीय पुत्र आजाद अपनी बारात लेकर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रहा था। बारात में बैंड-बाजे के साथ खुशियों का माहौल था, लेकिन मनेछा गांव के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने हमला कर दिया।

कार घेरकर की ताबड़तोड़ फायरिंग

बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने दूल्हे की कार को चारों ओर से घेर लिया और अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। अचानक हुई फायरिंग से बारात में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान दूल्हा आजाद गंभीर रूप से घायल होकर कार में ही गिर पड़ा।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घायल दूल्हे को परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

रंजिश की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।

इलाके में दहशत और शोक का माहौल

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जिस घर में शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। दोनों गांवों में शोक और सन्नाटा छाया हुआ है।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

6 + 9 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!