Khabarilaal news desk:-

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के बखरिया गांव के सामने सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

 

किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अर्जुन (40) पुत्र कल्लन, थाना कछवा क्षेत्र के कछवाडीह गांव, जनपद मिर्जापुर का निवासी था। उसकी शादी बखरिया गांव निवासी लालचंद की पुत्री सोनी के साथ हुई थी। बताया जाता है कि अर्जुन रविवार शाम अपनी पत्नी की विदाई कराने ससुराल आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।

लोगों के अनुसार सोमवार सुबह करीब नौ बजे रेलवे ट्रैक के किनारे टहल रहा था अर्जुन 

स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार सुबह करीब नौ बजे अर्जुन रेलवे ट्रैक के किनारे टहल रहा था। तभी वाराणसी से भदोही की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही लोहता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का करता था भरण-पोषण

मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी सोनी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। अर्जुन की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्यवाही

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

9 + 1 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!