Khabrilaal News Desk :
वाराणसी - शिवपुर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई जनपद में गुमशुदा, अपहृता एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत गिरफ्तारी
सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट अपूर्व पाण्डेय के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक शिवपुर अजीत कुमार वर्मा की टीम ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अरुण कुमार (पुत्र अंगनू राम), निवासी नया कांशीराम आवास शिवपुर को महादेव मंदिर के सामने से बुधवार देर रात गिरफ्तार किया।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ भा0द0वि0/बीएनएस की विभिन्न धाराओं—64(1), 89, 115(2), 352, 351(3), 110, 304(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रवीण सचान द्वारा की जा रही है।
पीड़िता की तहरीर पर हुई कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के अनुसार, बुधवार को वादिनी द्वारा लिखित तहरीर देकर दुष्कर्म, गर्भपात और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम की भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक प्रवीण सचान तथा हेड कांस्टेबल अरविन्द सरोज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Comments (0)