Khabarilaal news desk:-

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में सोमवार की भोर एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह लगभग 4:30 बजे हुआ यह हादसा 

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजातालाब-कचनार स्थित बीआरसी के सामने मोहनसराय से राजातालाब की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह लगभग 4:30 बजे यह हादसा हुआ। राहगीरों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद राजातालाब चौकी प्रभारी राजेश मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की अभी तक नहीं हो सकी पहचान 

पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। नग्न अवस्था में पाए जाने के कारण उसके अर्धविक्षिप्त होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

हाईवे पर लगी सीसीटीवी की खंगाली जा रही फुटेज 

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहता है।

पहचान करने के लिए पुलिस का आमजन से अपील 

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के परिजन या परिचित पिछले कुछ समय से लापता हों तो वे राजातालाब थाने से संपर्क कर मृतक की पहचान कराने में सहयोग करें।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

1 + 10 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!