Khabarilaal News Desk :
बाबतपुर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को यात्री सुविधा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा उन्हें पौध भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया।
विमान कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद से वाराणसी एयरपोर्ट ने बुनियादी ढांचे, विमान कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013-14 में जहां एयरपोर्ट से करीब 4.5 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी, वहीं वर्ष 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 42.8 लाख से अधिक हो गई है। इसी अवधि में विमान संचालन की संख्या भी 9,360 से बढ़कर 28,190 से अधिक पहुंच गई।
खराब मौसम और कम दृश्यता में सुरक्षित उड़ान संचालन

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में डिजी यात्रा सुविधा लागू कर वाराणसी एयरपोर्ट देश के अग्रणी हवाई अड्डों में शामिल हुआ। खराब मौसम और कम दृश्यता में सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक नेविगेशन एवं लैंडिंग प्रणालियों को अपग्रेड किया गया है।
कृषि उत्पादों के सुरक्षित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए कार्गो टर्मिनल में पांच मीट्रिक टन क्षमता
कृषि उत्पादों के सुरक्षित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए कार्गो टर्मिनल में पांच मीट्रिक टन क्षमता का कोल्ड स्टोरेज भी स्थापित किया गया है। वहीं लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने पर एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री क्षमता 39 लाख से बढ़कर 60 लाख हो जाएगी।
यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के अपने संकल्प
यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए आने वाले वर्षों में और अधिक सुविधाएं विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई।
Comments (0)