Khabrilaal News Desk : 

वाराणसी – दहेज प्रथा और खर्चीली शादियों के खिलाफ समाज में बढ़ती जागरूकता के बीच वाराणसी में एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। रविन्द्र पुरी स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम क्लीं कुण्ड परिसर में बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के अवतरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को 55 जोड़ों का विवाह विधिवत संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि 7:45 बजे अघोर परंपरा के आराध्य ईष्ट एवं वर्तमान पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के अवतरण दिवस के आयोजन के साथ हुआ। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

वैदिक रीति से सम्पन्न हुआ विवाह समारोह

इसके बाद सामूहिक विवाह कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें देशभर से चयनित 55 जरूरतमंद परिवारों के युवक-युवतियों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया। सभी नवविवाहित जोड़ों ने बाबा के समक्ष उपस्थित होकर जीवनभर साथ निभाने और एक-दूसरे का सहयोग करने का संकल्प लिया।

भक्तों में दिखा उत्साह और सेवा भाव

अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान के सौजन्य से आयोजित इस समारोह में भक्तों के बीच स्वयंसेवक बनने की होड़ देखने को मिली। आयोजन स्थल पर उत्साह, उल्लास और सेवा भावना का अनूठा संगम देखने को मिला।

सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद

कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी लगातार परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती गई, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

भंडारे का हुआ आयोजन

विवाह सम्पन्न होने के उपरांत सभी जोड़ों, उनके परिजनों एवं श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

विशिष्ट जनों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर आवाहन अखाड़ा के पीठाधीश्वर अवधूत अरुण गिरी महाराज, प्रधान व्यवस्थापक अरुण सिंह, अनूप कुमार सिंह तथा कार्यक्रम संयोजिका रूबी सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

4 + 6 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!