Khabarilaal News Desk :

वाराणसी। जनपद में अवैध शस्त्रों और कारतूसों की आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चोलापुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन चक्रव्यूह के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध असलहा सप्लाई और बिक्री करने वाले सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक रिवॉल्वर, एक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त वरुणापार Pramod Kumar ने बताया कि चोलापुर पुलिस और एसओजी की टीम धरसौना तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कटारी ब्लॉक के पीछे अंडरपास के नीचे हथियार सप्लाई करने वाला गैंग मौजूद है, जिसके पास अवैध हथियार और कारतूस हैं तथा वे किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में—

  • अखिलेश उर्फ मोनू राजभर
  • अरुण राजभर
  • हिमांशु कुमार उर्फ सनी
  • आभाष सिंह
  • विशाल सिंह
  • अनिकेत चौहान
  • नमन मिश्रा उर्फ अस्तीशू

शामिल हैं। सभी आरोपी वाराणसी के चोलापुर एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शौक के लिए अवैध तमंचा, पिस्टल और कारतूस रखते थे। साथ ही इन हथियारों का इस्तेमाल लोगों को डराने-धमकाने, चोरी, लूट और छिनैती जैसी घटनाओं में करते थे।

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि अधिक कीमत मिलने पर वे राह चलते लोगों को अवैध हथियार और कारतूस बेचते थे। घटना वाले दिन भी वे हथियार बेचने की नीयत से एकत्र हुए थे।

कई मुकदमों में वांछित हैं आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अखिलेश उर्फ मोनू राजभर के खिलाफ छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि हिमांशु उर्फ सनी पर दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

सातों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) एवं 317(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई में शामिल रही संयुक्त टीम

इस अभियान का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ Vidush Saxena के निर्देशन में किया गया। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चोलापुर सधुवन राम गौतम, एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह समेत पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही।

BUREAU : CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

5 + 3 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!