Khabarilaal News Desk :

वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के खमौना गांव में खेत की घेराबंदी तोड़ने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित विवेक मिश्रा ने गांव के ही एक व्यक्ति और उसके सहयोगियों पर आरोप लगाते हुए पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

घेराबंदी का किया जा रहा था कार्य

विवेक मिश्रा के अनुसार ग्राम खमौना स्थित उनकी कृषि भूमि आराजी संख्या-139 की फसल को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 28 मई को सीमेंट के पिलर और तार लगाकर घेराबंदी कराई जा रही थी। इसी दौरान गांव के राजिंदर यादव उर्फ गनेशू अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कार्य का विरोध करने लगे।

पीड़ित का आरोप है कि विरोध के चलते विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी का कार्य पूरा कराया गया।

दोबारा पहुंचकर तोड़े पिलर

विवेक मिश्रा का आरोप है कि 15 जून को राजिंदर यादव उर्फ गनेशू एवं उसके सहयोगी दोबारा खेत पर पहुंचे और लगाए गए करीब 10 से 11 सीमेंट के पिलरों को तोड़ दिया। साथ ही घेराबंदी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

सेना में तैनात हैं भाई

पीड़ित ने बताया कि उनके भाई उमेश मिश्रा भारतीय सेना में तैनात हैं और उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर विपक्षी लगातार संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा धमकी देने का प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर विवेक मिश्रा ने चौकी प्रभारी रामेश्वर एवं थाना जंसा में प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

9 + 4 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!