Khabarilaal News Desk :

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क योग स्वास्थ्य मेला एवं जनकल्याण शिविर का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने की।

स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने की जरूरत

कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि योग, प्राकृतिक चिकित्सा और ऊर्जा संरक्षण केवल व्यक्तिगत कल्याण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण के आधार स्तंभ हैं।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार, पर्याप्त विश्राम तथा प्राकृतिक उपचार पद्धतियां जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

ऊर्जा संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान

प्रो. त्यागी ने विद्यार्थियों से जल, विद्युत और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के सीमित संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण की भावना को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना

कुलपति ने योग, स्वास्थ्य जागरूकता, प्राकृतिक चिकित्सा एवं ऊर्जा संरक्षण विषयों पर लगाए गए विभिन्न काउंटरों और जनजागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

समापन अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इन विद्यार्थियों ने हासिल किया स्थान

चिकित्सा विज्ञान संकाय के प्रो. पीतांबर दास ने विजेताओं की घोषणा की।

यौगिक आहार-विहार प्रदर्शन में मधु आर्या, उषा कुमारी, शुभा शर्मा, सोनी सैनी, दीपक सोनकर, विकास पटेल एवं सोनम त्रिपाठी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

ध्यान प्रदर्शन में आदित्य कुमार, खुशी, नागेंद्र यादव एवं नागेंद्र कुमार यादव की टीम द्वितीय स्थान पर रही।

योग चिकित्सा परामर्श में दिशा सिंह, श्रीधर सिंह, प्रज्ञा, तृप्ति मौर्या, आरती, शिखा सिंह एवं मधु चौरसिया की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अनेक शिक्षकों की रही सहभागिता

कार्यक्रम का संचालन एवं त्रिदिवसीय आयोजन का प्रतिवेदन दर्शनशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. नंदिनी सिंह ने प्रस्तुत किया। स्वागत मानविकी संकाय के अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अम्बरीश राय ने दिया।

इस अवसर पर डॉ. दिनेशचंद्र शुक्ल, डॉ. अमरेंद्र, डॉ. सतीश, डॉ. गणेश, डॉ. कविता, डॉ. सुनीता, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. प्रियंका, डॉ. चंद्रमणि सहित अनेक शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

BUREAU : CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

5 + 1 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!