Khabarilaal News Desk :
वाराणसी। पिंडरा क्षेत्र के फूलपुर थाना अंतर्गत मंगारी बाजार में मोबाइल टॉवर पर चढ़कर प्रेमी से शादी की मांग को लेकर चर्चा में आई युवती की आखिरकार प्रेमी के साथ शादी हो गई। मंगलवार को फूलपुर थाना परिसर के सामने स्थित मंदिर में दोनों ने परिजनों की मौजूदगी में सात फेरे लिए।
टॉवर पर चढ़कर की थी शादी की मांग

बताया जाता है कि शनिवार को युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई थी और अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग पर अड़ गई थी। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाकर नीचे उतारा था और दोनों की शादी कराने का आश्वासन दिया था।
बीच में शादी से पीछे हटने लगा प्रेमी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, समझौते के बाद भी प्रेमी शादी से बचने की कोशिश करने लगा और घर छोड़कर चला गया। इसके बाद युवती दोबारा फूलपुर थाने पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर बातचीत की और समझौते का प्रयास किया।
थाने के मंदिर में हुई शादी
पुलिस और परिजनों की पहल के बाद मंगलवार को दोनों परिवार फूलपुर थाना परिसर के सामने स्थित मंदिर पहुंचे, जहां सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रेमी और प्रेमिका ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार करते हुए विवाह कर लिया।
पड़ोसी निकले दूल्हा-दुल्हन
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर गांव निवासी सुमन राजभर और अजय राजभर का घर अगल-बगल स्थित है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और युवती प्रेमी से विवाह की मांग को लेकर लगातार प्रयासरत थी।
शादी संपन्न होने के बाद दोनों परिवारों ने भी सहमति जताई, जिससे पूरे मामले का शांतिपूर्ण समाधान हो गया।
Comments (0)