Khabarilaal News Desk :
एवियन (फ्रांस)। फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान जारी हुई आधिकारिक ग्रुप फोटो ने वैश्विक राजनीति में भारत की बढ़ती भूमिका को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ पहली पंक्ति में नजर आए, जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति को रेखांकित किया।
ग्रुप फोटो में केंद्र में दिखे पीएम मोदी
जी7 के स्थायी सदस्य न होने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर में प्रमुख स्थिति को कूटनीतिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में नेताओं की स्थिति अक्सर वैश्विक संबंधों और देशों के प्रभाव को भी दर्शाती है।
प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के विशेष निमंत्रण पर जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल हुए हैं।
वैश्विक नेताओं से की मुलाकात
जी7 समिट की फैमिली फोटो से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कई देशों के नेताओं से मुलाकात की और विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा,
“जी7 नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान हमेशा उपयोगी होता है।”
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह बैठक वैश्विक चुनौतियों से निपटने और साझा विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मैक्रों से गले मिले पीएम मोदी
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने मुलाकात के दौरान एक-दूसरे का अभिवादन किया और गले भी मिले।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा,
“मेरे मित्र राष्ट्रपति मैक्रों, एवियन में स्वागत करने के लिए आपका धन्यवाद।”
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने हाल ही में नीस में हुई द्विपक्षीय बातचीत को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
ट्रंप से भी हुई मुलाकात
जी7 समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच भी संक्षिप्त मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर संक्षिप्त बातचीत की।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक सहयोग, तकनीकी साझेदारी और रणनीतिक संबंधों को लेकर लगातार संवाद बढ़ रहा है।
होगी अहम द्विपक्षीय बैठक
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बैठक में आर्थिक विकास, सप्लाई चेन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), निवेश और वैश्विक सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका
दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल भारत की भूमिका वैश्विक मंचों पर लगातार मजबूत हो रही है। जी7 जैसे महत्वपूर्ण मंच पर प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय मौजूदगी और प्रमुख नेताओं के साथ संवाद को इसी बढ़ते प्रभाव का संकेत माना जा रहा है।
Comments (0)