Khabrilaal News Desk :

दिल्ली – पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक भीषण अग्निकांड में नौ लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। चार मंजिला रिहायशी इमारत में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

छत का दरवाजा बंद, पीछे लोहे की ग्रिल बनी मौत का जाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन वहां पहुंचने पर दरवाजा बंद मिला। बिजली कटने के कारण सेंट्रल लॉक सिस्टम जाम हो गया, जिससे लोग छत तक नहीं पहुंच सके और वहीं आग की लपटों में फंस गए। इमारत के पिछले हिस्से में लगी मजबूत लोहे की ग्रिल ने भी लोगों के निकलने के रास्ते बंद कर दिए।

एक ही सीढ़ी बनी सबसे बड़ा खतरा

इमारत में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक ही सीढ़ी थी, जो आग लगते ही उसकी चपेट में आ गई। दूसरी मंजिल के ऊपर रहने वाले लोग पूरी तरह फंस गए। सामने की ओर रहने वाले कुछ लोगों को दमकल कर्मियों ने बचा लिया, लेकिन पीछे के हिस्से में रहने वाले लोग बाहर नहीं निकल पाए।

एसी ब्लास्ट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में विस्फोट बताया जा रहा है। हादसा तड़के करीब 3:48 बजे हुआ। सूचना मिलते ही दमकल की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

15 लोगों को बचाया गया, कई झुलसे

राहत और बचाव कार्य के दौरान 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि छह लोग झुलस गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। जान बचाने के लिए दो युवतियों ने दूसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाई।

धुएं ने ली ज्यादा जानें

विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे मामलों में मौत का मुख्य कारण आग नहीं बल्कि जहरीला धुआं होता है। कार्बन मोनोऑक्साइड के कारण शरीर में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है, जिससे व्यक्ति बेहोश होकर दम तोड़ देता है। इस हादसे में भी अधिकांश लोगों की मौत धुएं के कारण होने की आशंका जताई जा रही है।

इलाके में शोक और दहशत का माहौल

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। एक ही इमारत के कई परिवारों के लोगों की मौत से स्थानीय लोग सदमे में हैं।

 

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

10 + 9 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!