Khabarilaal news desk 

वाराणसी ।चोलापुर थाना क्षेत्र के हथियर कला गांव में रविवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने एक युवक को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी हालांकि युवक बाल-बाल बच गया।

हौसला बुलंद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ पुलिस को सौपा

घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य हमलावर फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हथियर कला निवासी अरुण कुमार यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे उनका परिवार घर के अंदर मौजूद था। इसी दौरान बाहर अचानक शोर-शराबा सुनाई दिया। परिवार के लोग बाहर निकले तो देखा कि गांव के ही कुछ लोग 5 से 7 की संख्या में असलहों से लैस होकर उनके भतीजे अरविंद उर्फ गोलू को घेरकर खड़े हैं। 

हमलावरों ने अरविंद को जान से मारने की नीयत से शुरू की थी फायरिंग

आरोप है कि हमलावरों ने अरविंद पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों से गांव में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए अरविंद वहां से भाग निकला। गोली की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो हमलावर धमकी देते हुए भागने लगे। भाग रहे आरोपियों में से ग्रामीणों ने अवनीश यादव नामक एक युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

घटनास्थल से दो कारतूस के खोखे बरामद

तलाशी के दौरान उसके पास से तथा घटनास्थल से दो कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अरुण कुमार यादव ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा फरार अन्य हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

2 + 1 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!