Khabrilaal News Desk :
हापुड़ – देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला सोनपुर सोटावाली में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां श्मशान घाट से चिता में जल रहे 16 वर्षीय किशोर का सिर गायब होने से इलाके में दहशत फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों ने इस घटना के पीछे तंत्र-मंत्र की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बीमारी से हुई थी किशोर की मौत
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय शुभांशु पेट की गंभीर समस्या से पीड़ित था। शनिवार को मेरठ के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद देर शाम गांव के ही श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया।
चिता से सिर गायब होने से मचा हड़कंप
ग्रामीणों के अनुसार, चिता को अग्नि देने के बाद सभी लोग वापस लौट आए थे। कुछ समय बाद जब लोग दोबारा श्मशान पहुंचे तो देखा कि चिता से किशोर का सिर गायब है। यह देखकर गांव में हड़कंप मच गया और लोग स्तब्ध रह गए।
CCTV में दिखे संदिग्ध
घटना के बाद ग्रामीणों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें मोपेड पर सवार तीन संदिग्ध श्मशान से जाते हुए नजर आए। बताया जा रहा है कि उनमें से एक व्यक्ति भगवा वस्त्र पहने हुए था, जिससे तंत्र-मंत्र की आशंका और गहरा गई है।
परिजनों ने जताई तंत्र-मंत्र की आशंका
परिजनों ने देहात थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और आशंका जताई कि इस घटना को तंत्र-मंत्र के उद्देश्य से अंजाम दिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस टीम गठित कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया जाएगा।
Comments (0)