khabarilaal news desk:-
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के तीसरे दिन उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, वाराणसी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास, औषधीय पौधारोपण एवं विशाल योग जनजागरूकता पदयात्रा का नेतृत्व किया।
आयुष मंत्री डॉ. दयालु ने चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के साथ किया योगाभ्यास
प्रातः 7 बजे महाविद्यालय परिसर में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में आयुष मंत्री डॉ. दयालु ने चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास किया। इसके उपरांत उन्होंने महाविद्यालय परिसर में औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं आयुर्वेदिक परंपरा के संवर्धन का संदेश दिया।
भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा

इस अवसर पर अपने संबोधन में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि योग हमारी हजारों वर्षों पुरानी भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि ‘योग’ का अर्थ है — जोड़ना। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने की एक वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक प्रक्रिया है।
प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट योग करने का संकल्प लेने का आह्वान

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विश्व के अनेक देशों में उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट योग करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है तथा योग स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का आधार है।
महान स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अर्पित की श्रद्धांजलि

योग जनजागरूकता पदयात्रा प्रातः 8 बजे राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए प्रातः 9 बजे लहुराबीर स्थित चंद्रशेखर आजाद पार्क पहुंची। वहां आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने महान स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही पदयात्रा का समापन हुआ।
कार्यक्रम में इन प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य एवं अधीक्षक प्रो. डी. के. मौर्य, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष मिश्र, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. धनंजय, गौरव राठी, संतोष सैनी, डॉ. संजय पांडेय, डॉ. संजय प्रकाश, डॉ. अंजना सक्सेना, डॉ. अरुण दत्त राजौरिया, डॉ. विजय राय, डॉ. अनुभा श्रीवास्तव, अरुण पांडेय, जय विश्वकर्मा, अरुण मिश्रा, सुधीर त्रिपाठी, अनूप जायसवाल, अभिषेक अग्रहरि, राजू जाजोदिया, रिंकू केशरी, पुनीत केसरी सहित समस्त चिकित्सक, शिक्षक, कर्मचारी तथा सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Comments (0)