Khabarilaal news desk
वाराणसी।महंगी शिक्षा और शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण के विरोध में रविवार को पिंडरा स्थित चंद्रा लॉन में केसरिया भारत द्वारा “छात्र-अभिभावक शिक्षा संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
निजी शिक्षण संस्थानों की मनमानी फीस,गंभीर सामाजिक संकट
वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती असमानता और निजी शिक्षण संस्थानों की मनमानी फीस को गंभीर सामाजिक संकट बताते हुए इसके खिलाफ व्यापक जनआंदोलन चलाने की जरूरत बताई।
देशभर में महंगी शिक्षा को लेकर तेजी से बढ़ रहा असंतोष
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केसरिया भारत के प्रमुख संयोजक कृष्णानंद पाण्डेय ने कहा कि देशभर में महंगी शिक्षा को लेकर असंतोष तेजी से बढ़ रहा है। निजी स्कूलों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों की लगातार बढ़ती फीस ने मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को आर्थिक संकट में डाल दिया है।
अभिभावक बच्चों की पढ़ाई पूरी कराने के लिए कर्ज लेने को मजबूर
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों की पढ़ाई पूरी कराने के लिए कर्ज लेने को मजबूर हैं, जिससे सामाजिक और आर्थिक असंतुलन बढ़ रहा है। निजी शिक्षण संस्थानों में फीस निर्धारण प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और कई स्थानों पर मनमाने ढंग से शुल्क वसूला जा रहा है।
संगठन पूरे देश में महंगी शिक्षा के खिलाफ चलाएगा जनजागरण अभियान
प्रदेश अध्यक्ष गौरीश सिंह ने कहा कि संगठन पूरे देश में महंगी शिक्षा के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर अभिभावकों और छात्रों को विद्यालयों द्वारा की जा रही आर्थिक लूट एवं सरकारी नीतियों के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान इन लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में शुभम पाण्डेय, आयुष सिंह, विवेक सिंह, विनय सिंह मरजाद, भानू प्रताप पाण्डेय, आनंद मिश्रा बब्बू, शिवम सिंह, भरत पाठक, प्रदीप विश्वकर्मा , रजनीकांत राय, सुंदरम सिंह, अधिवक्ता अश्वनी सिंह, अभिषेक राय एवं लवकुश मौर्य समेत सैकड़ों लोग रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता पशुपति पाठक व संचालन जितेन्द्र सिंह ने किया। समापन हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ।
Comments (0)