khabarilaal news desk:-
वाराणसी। सरस्वती उच्च शिक्षा एवं तकनीकी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गहनी आयर, वाराणसी की स्नातकोत्तर (प्राचीन इतिहास) की छात्रा प्रिया पटेल ने बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026-28 में 341.99 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में चौथा स्थान हासिल कर महाविद्यालय एवं जनपद का गौरव बढ़ाया है।
उत्कृष्ट उपलब्धि पर महाविद्यालय में आयोजित किया गया सम्मान समारोह
इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उप-प्रबंधक श्री नवीन कुमार सिंह एवं प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने प्रिया पटेल को स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छात्राएं प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही,महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय-नवीन कुमार सिंह

उप-प्रबंधक श्री नवीन कुमार सिंह ने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि यहां की छात्राएं प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने घोषणा की कि यदि प्रिया पटेल महाविद्यालय से बी.एड. पाठ्यक्रम में प्रवेश लेती हैं, तो उनकी संपूर्ण शिक्षा का खर्च सरस्वती ट्रस्ट द्वारा वहन किया जाएगा।
भविष्य में भी महाविद्यालय से अनेक प्रतिभाएं देश और दुनिया में अपनी बनाएंगी पहचान
प्राचार्य डॉ. संतोष Kumar सिंह ने छात्रा की सफलता को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि महाविद्यालय के विद्यार्थी निरंतर शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर पर स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी महाविद्यालय से अनेक प्रतिभाएं देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाएंगी।
महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाएं रहे उपस्थित
इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाएं उपस्थित रहे तथा सभी ने प्रिया पटेल की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
Comments (0)