Khabrilaal News Desk : 

वाराणसी – शहर में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महिला से चेन छीनने वाले दो शातिर स्नेचरों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पीले धातु की चेन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है।

अभियान के तहत मिली सफलता

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल और पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू कादयान के निर्देशन में की गई। सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक रामनगर राजकिशोर पाण्डेय की टीम ने ढुण्ढराज पुलिया, भीटी क्षेत्र से दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी और उनका आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनीष सिंह (निवासी नारायणपुर, थाना अदलहाट, मिर्जापुर) और गणेश विश्वकर्मा (निवासी नारायणपुर, थाना अदलहाट, मिर्जापुर) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही चार-चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उनके आपराधिक प्रवृत्ति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कॉलोनियों में घूमकर पहले रेकी करते थे और फिर मौका देखकर टहल रही महिलाओं को निशाना बनाते थे। 29 अप्रैल को उन्होंने लंका क्षेत्र में एक महिला से चेन छीनी थी, जो नकली निकली, इसलिए उसे रास्ते में फेंक दिया। इसके बाद 2 मई को एक बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छीन ली थी। आरोपियों ने बताया कि वे छीनी गई चेन को बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे और उसी से अपने शौक पूरे करते थे।

वारदात की तैयारी में थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय दोनों आरोपी एक और चेन स्नेचिंग की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया और बड़ी घटना होने से पहले ही अपराध पर रोक लगा दी।

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकिशोर पाण्डेय के साथ उपनिरीक्षक आदित्य राय, अनिल राजपूत, पंकज मिश्रा, अमित शर्मा तथा कांस्टेबल गौरव भारती, सूरज कुमार और राजन कुमार शामिल रहे।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

8 + 8 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!