Khabrilaal News Desk :
वाराणसी – स्मार्ट मीटर को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन चौकाघाट स्थित नगरीय विद्युत उपखंड द्वितीय कार्यालय पर जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल के नेतृत्व में किया गया। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी प्रतिनिधि को सौंपते हुए इस व्यवस्था में सुधार की मांग की।
बढ़ते बिजली बिल पर जताई नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि स्मार्ट मीटर आम जनता के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन गए हैं। पहले जहां घरेलू उपभोक्ताओं का बिजली बिल करीब 1000 रुपये आता था, अब वही बढ़कर 6000 से 7000 रुपये तक पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
मीटर की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
AAP नेताओं ने स्मार्ट मीटर की रीडिंग, बिलिंग सिस्टम और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि मीटर की सटीकता को लेकर संदेह है और कई मामलों में उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से अधिक बिल भेजे जा रहे हैं। इससे आम जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी
प्रवक्ता मुकेश गुप्ता ने कहा कि एक ओर भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोग पहले ही परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर प्रीपेड स्मार्ट मीटर की खामियां उनकी मुश्किलों को और बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था उपभोक्ताओं के हित में नहीं है और इसे तत्काल सुधारने की जरूरत है।
प्रतीकात्मक विरोध और चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक तस्वीर जलाकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस मौके पर घनश्याम पांडेय, मनीष गुप्ता, रेखा जायसवाल, देवकांत वर्मा, शारदा टंडन, डॉ. अहिल्या, मोहिनी महेंद्रु, विनोद जायसवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments (0)