वाराणसी ।चोलापुर स्थित ऐतिहासिक शहीद स्मारक के कायाकल्प और अमर बलिदानियों को सम्मान दिलाने की दिशा में एक बार फिर से पहल तेज हो गई है। चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने इस संबंध में वाराणसी के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर स्मारक के सुंदरीकरण एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। 

बताते चलें कि सांसद ने पत्र की प्रतिलिपि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भी प्रेषित की है। बताया जाता है कि पूर्वांचल किसान संगठन के अध्यक्ष अजीत सिंह डोभी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के शहीदों की उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए सांसद से मुलाकात की थी। इस दौरान संगठन के महासचिव मनीष कुमार सिंह, राजबहादुर यादव, दीपक पासी, रोहित एवं सुजीत सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। संगठन की इस पहल के बाद ही मामले ने तेजी पकड़ी है। 

सांसद ने अपने पत्र में शहीद स्मारक के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। उन्होंने स्मारक स्थल पर एक ऊंचा एवं भव्य राष्ट्रीय ध्वज स्थापित कराने तथा सेना की एक निष्प्रयोजित (डिकमीशन्ड) तोप लगाए जाने की बात कही है, ताकि यह स्थल और अधिक आकर्षक एवं प्रेरणादायक बन सके। इसके अलावा प्रत्येक वर्ष 17 अगस्त को शहीदी दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) कार्यक्रम आयोजित कराने की भी मांग की भी गई है। 

 वही, स्मारक तक पहुंचने वाले एप्रोच मार्ग के शीघ्र सुधार और सुदृढ़ीकरण पर भी जोर दिया गया है। सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि 17 अगस्त 1942 को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन के दौरान चोलापुर थाना परिसर में तिरंगा फहराने के प्रयास में राम नरेश उपाध्याय, पंचम राम, गौरी उर्फ बच्चू पटेल, चौथी राजभर और निरहू पटेल ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। सांसद ने कहा कि उनका यह बलिदान ऐतिहासिक और प्रेरणादायक है।

 वहीं, पूर्वांचल किसान संगठन के अध्यक्ष अजीत सिंह डोभी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य चोलापुर के शहीदों की विरासत को संरक्षित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद के प्रयासों से शहीद स्मारक का स्वरूप बदलेगा और यह क्षेत्र के गौरव का प्रमुख केंद्र बनेगा।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

7 + 5 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!