Khabrilaal News Desk :
लखनऊ – युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में ‘मेरा युवा भारत’ (MYBharat) उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 का भव्य समापन हुआ। 01 से 03 मई तक आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 75 जनपदों से 375 प्रतिभागियों ने भाग लिया और केंद्रीय बजट 2026 पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए “विकसित भारत” के संकल्प को स्वर दिया।
युवाओं ने दिखाया नेतृत्व और दृष्टिकोण
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने इस आयोजन को युवाओं की आत्मशक्ति के जागरण का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, एकाग्रता और कुछ कर गुजरने की इच्छा ही युवा की पहचान है। यह मंच युवाओं को नेतृत्व क्षमता, संसदीय समझ और राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी से जोड़ता है।
विधानसभा में गूंजी युवा शक्ति
प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने अपने विचारों से पूरे सदन को प्रभावित किया। उनकी प्रस्तुति में गांव की जमीनी समझ, राष्ट्रीय दृष्टिकोण और वैश्विक सोच का अनूठा संगम देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं ने लोकतंत्र को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
केंद्रीय बजट 2026 पर रखे ठोस सुझाव
युवा संसद में प्रतिभागियों ने रोजगार, स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। कई वक्ताओं ने कहा कि पहली बार युवाओं के सुझावों को नीति निर्माण में शामिल किया गया है, जो सरकार के युवाओं पर विश्वास को दर्शाता है।
विजेताओं ने किया शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में जालौन के अंकित कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बलिया की शिप्रा सिंह द्वितीय और कानपुर नगर की रश्मि रंजन साहू तृतीय स्थान पर रहीं। अब ये प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
युवाओं को मिला बड़ा मंच
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें सक्रिय भागीदारी का अवसर देना था। पहली बार विधानसभा पहुंचे कई युवाओं ने इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे प्रदेशभर में बड़ी संख्या में लोगों ने देखा।
Comments (0)