वाराणसी।फूलपुर थाना क्षेत्र के करखिंयाव गांव निवासी पूर्व प्रधान विक्रमादित्य सिंह (76 वर्षीय) का ब्रेन स्ट्रोक के चलते निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताते चलें कि विक्रमादित्य सिंह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। बुधवार सुबह अचानक उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल भोजूबीर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए। जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
विक्रमादित्य सिंह वर्तमान में प्राचीन रामलीला समिति के अध्यक्ष और काशी विद्यापीठ के प्रथम छात्रसंघ के अध्यक्ष रहते हुए राममनोहर लोहिया के साथ सक्रिय राजनीति में भी रहे। उन्हें करखिंयाव ग्राम पंचायत का 5 बार प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला था।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने गांव में चिकित्सालय व पशु अस्पताल व यूपीएसआईडीसी के स्थापना में भी सक्रिय योगदान दिया था । इनके माता पिता स्वतंत्रता सेनानी थे। इनके परिवार में पत्नी तेरसा देवी हैं।उनकी कोई संतान नहीं है।
निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय पत्रकारों का तांता लग गया। सभी ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
Link Copied to Clipboard!
Comments (0)