Khabarilaal news desk
वाराणसी। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षामित्रों के बढ़े हुए मानदेय के चेक वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन मंगलवार को गिरिजा देवी संकुल, चौकाघाट में हुआ। जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य आतिथ्य में गोरखपुर के गुरु गम्भीराथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक देखा।
शिक्षामित्रों का बढ़ा मानदेय,चेक वितरण एवं सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
गिरिजा देवी संकुल, चौकाघाट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
श्रम मंत्री ने शिक्षामित्रों एवं शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया
इस अवसर पर श्रम मंत्री अनिल राजभर ने शिक्षामित्रों एवं शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि वे देश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने मानदेय वृद्धि के निर्णय को शिक्षामित्रों के मनोबल को सुदृढ़ करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि को उनके सम्मान एवं आत्मसम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया
अपने संबोधन में स्टाम्प मंत्री रविंद्र जायसवाल ने प्रदेश में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि को उनके सम्मान एवं आत्मसम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
मानदेय वृद्धि शिक्षामित्रों के लिए प्रेरणादायक एवं लाभकारी कदम-MLCधर्मेन्द्र राय
एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने मानदेय वृद्धि को शिक्षामित्रों के लिए प्रेरणादायक एवं लाभकारी कदम बताया। विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने ग्रामीण क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए शिक्षामित्रों के योगदान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षामित्र को वितरित किया गया चेक
कार्यक्रम के अंत में शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीक स्वरूप डमी चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षामित्रों में उत्साह एवं संतुष्टि का भाव स्पष्ट दिख रहा था। इस अवसर पर परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम के दौरान इन प्रमुख जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में समारोह में एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, प्रदीप अग्रहरि, अदिति पटेल सहित जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह एडी बेसिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव एवं विभिन्न विकास खंडों के खंड शिक्षा अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Comments (0)