Khabrilaal News Desk :

वाराणसी – उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता विश्वकर्मा ने बुधवार को वाराणसी में जिला कारागार चौकाघाट का निरीक्षण करने के साथ ही सर्किट हाउस सभागार में महिला जनसुनवाई की। इस दौरान महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

जिला कारागार का किया निरीक्षण

महिला आयोग की सदस्या ने जिला कारागार की महिला बैरक में निरुद्ध महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान महिलाओं और बच्चों को मिष्ठान, फल एवं बच्चों को खिलौनों का वितरण किया गया।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की सलाह

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक को महिला बंदियों के कौशल विकास एवं पुनर्वास के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कराने के निर्देश दिए गए। गीता विश्वकर्मा ने कहा कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और अपनी आय स्वयं सुरक्षित रखें।

35 मामलों में 5 का मौके पर निस्तारण

इसके बाद सर्किट हाउस में आयोजित महिला जनसुनवाई में कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

भूमि विवाद और महिला उत्पीड़न के मामले अधिक

जनसुनवाई में भूमि विवाद, महिला उत्पीड़न, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, मकान पर अवैध कब्जा और इलाज से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए। आयोग सदस्य ने सभी विभागीय अधिकारियों को मामलों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही कौशल विकास मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों को योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

साइबर अपराध से बचाव की जानकारी भी दी गई

कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग द्वारा साइबर अपराध से बचाव और जागरूकता से संबंधित पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया।

अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर एसीएम प्रथम शिवानी सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी डी.के. सिंह, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक राजन सिंह, महिला कल्याण विभाग की निरूपमा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

1 + 4 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!