वाराणसी।UP. कॉलेज छात्र हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हांथ लगी है। मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, कारतूस और खोखे भी बरामद किए गए हैं।
शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित यू.पी. कॉलेज परिसर में छात्र सूर्यप्रताप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम—शिवपुर पुलिस व एसओजी—ने शनिवार भोर में यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मंजीत चौहान को 21 मार्च 2026 को सुबह करीब 5:45 बजे रामेश्वर महादेव इंटर कॉलेज, शिवपुर के पास से गिरफ्तार किया गया। घटना के बाद वह फरार था और भागते समय छत से कूदने के कारण घायल भी हो गया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक सूर्यप्रताप सिंह और उसके साथी रैगिंग के नाम पर उसे और उसके दोस्तों को परेशान करते थे। घटना वाले दिन विवाद बढ़ने पर आरोपी मंजीत चौहान और उसके साथी अनुज सिंह ने प्रशासनिक भवन के पास सूर्यप्रताप पर 4-5 राउंड फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक बुलेट बरामद की है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपी अनुज सिंह की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा समेत पुलिस टीम व एसओजी यूनिट शामिल रही।
Comments (0)