Khabrilaal News Desk :
वाराणसी – मिर्जामुराद थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर की गई।
चेकिंग के दौरान पकड़ में आया आरोपी
पुलिस टीम ने करधना छावनी स्थित पानी टंकी के पास से रोहित कुमार गौतम (उम्र लगभग 20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह बिना नम्बर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह बाइक जौनपुर जनपद के केराकत थाना क्षेत्र से एक शादी समारोह के दौरान चोरी की थी।
बेचने की फिराक में था अभियुक्त
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह चोरी की बाइक को बेचने के उद्देश्य से जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। चेसिस नम्बर के आधार पर वाहन का वास्तविक नम्बर UP62BY4822 निकला, जिसकी पुष्टि जौनपुर पुलिस से की गई। संबंधित बाइक के चोरी होने का मुकदमा पहले से दर्ज पाया गया।
मुकदमा दर्ज, भेजा जाएगा जेल
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मिर्जामुराद थाना में मु0अ0सं0 125/26 के तहत धारा 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की जांच जारी है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी करधना उपनिरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रेम कुमार और आरक्षी गोविन्द शाह की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और तत्परता की सराहना की है।
Comments (0)