वाराणसी।श्री गवरजा माता उत्सव समिति, वाराणसी के तत्वावधान में शनिवार को काशी की सड़कों पर राजस्थानी संस्कृति की रंगीन छटा बिखेरती भव्य गणगौर शोभायात्रा निकाली गई। काशी गौशाला, गोलघर से प्रारंभ हुई इस शोभायात्रा का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष कमल अग्रवाल, मंत्री राम बूबना, कोषाध्यक्ष लाला चांडक एवं पवन कुमार अग्रवाल ने मां गणगौर के विधिवत पूजन के साथ संयुक्त रूप से किया।

*राजस्थानी परिवेश में ढोल नगाड़ों के साथ धूमधाम से निकली गणगौर शोभा यात्रा*

 शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान शंकर (ईशरजी) एवं माता पार्वती (गवरजा) के सुसज्जित स्वरूप आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। उनके पीछे संस्था का बैनर, बैंड-बाजा, डमरू वादक, ढोल एवं शहनाई वादक पारंपरिक धुनों पर वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। राजस्थानी एवं हरियाणवी समुदाय के लोग ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर जयघोष करते हुए नाचते-गाते चल रहे थे।

शोभायात्रा में एक रथ पर विघ्नहर्ता विनायक जी की प्रतिमा विराजमान थी, जबकि दूसरे रथ पर मां गणगौर की भव्य प्रतिमा स्थापित थी, जहां से भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया जा रहा था। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और उत्सव का उल्लास चरम पर रहा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयाल’ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समिति को शुभकामनाएं देते हुए मां गवरजा को नमन किया। वहीं भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, उद्योगपति आर.के. चौधरी, दीपक बजाज एवं उमाशंकर अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग भी शोभायात्रा में शामिल हुए।

*हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत*

शोभायात्रा का मार्ग बुलानाला, नीचीबाग, चौक, बांसफाटक, गोदौलिया, गिरजाघर होते हुए लक्सा स्थित श्याम मंदिर तक रहा, जहां सायं लगभग 5:30 बजे यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान मार्ग में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं—मारवाड़ी समाज, माहेश्वरी क्लब, मारवाड़ी महिला संगठन, मारवाड़ी युवा मंच वाराणसी, गंगा, अन्नपूर्णा, वरुणा, शिव बारात समिति, श्याम परिवार एवं अरिंदम सहित अनेक संगठनों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं शीतल पेय से स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में संजीव शाह, धीरज सरार्फ, संजीव अग्रवाल, उमेश जोगी, अरविंद जैन, विजय मोदी एवं बालकिशन असावा प्रमुख रहे।

समिति के प्रचार मंत्री गौरव राठी ने गणगौर पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महिलाएं एवं कन्याएं होली से प्रारंभ होकर 15 दिनों तक घरों में मां गणगौर की पूजा-अर्चना करती हैं और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 22 मार्च को सायं 4:00 बजे लक्सा स्थित मारवाड़ी भवन में सिंधारा कार्यक्रम एवं शोभायात्रा के सभी संयोजकों, संयोजिकाओं एवं सहयोगियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

श्याम मंदिर पहुंचने के बाद समाज की महिलाओं एवं कन्याओं ने मां गणगौर का विधिवत पूजन किया तथा घरों में पूजी गई प्रतिमाओं का लक्ष्मीकुंड में विधि-विधान से विसर्जन किया गया।

शोभायात्रा में प्रमुख रूप से प्रदीप तुलस्यान, नवरतन राठी, दीपक माहेश्वरी, योगेश भुरारिया, शंकरलाल सोमानी, अनूप सर्राफ, गौरीशंकर नेवर, पवन मोदी, गौरव राठी, कृष्ण कुमार काबरा, राकेश कचोलिया, अजय खेमका, प्रतीक केडिया, किशोर मुंदड़ा, वेदमूर्ति शास्त्री, दीपक तोदी, लोकेंद्र करवां, संदीप केसरी, मदन मोहन अग्रवाल, अनिल झंवर, शिव शंकर केसरी, शैलेंद्र मिश्रा, राकेश दरक सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

7 + 7 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Photo Gallery