प्रयागराज। UP के प्रयागराज में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के बीच हुए वज्रपात ने जहां तीन व्यक्तियों की जान ले ली वही कई मवेशी भी वज्रपात के चपेट में आ गए जिससे उनकी भी मौत हो गई।जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है।
बताते चलें कि सहसों क्षेत्र के चकिया घरहरा गांव निवासी किसान संग्राम यादव शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे अपने गोशाला में पशुओं को चारा दे रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गर्जना के साथ पास के एक पेड़ पर वज्रपात हो गया।घटना के दौरान संग्राम यादव और उनके पुत्र ज्ञान सिंह गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गए। दोनों को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संग्राम यादव को मृत घोषित कर दिया,जबकि ज्ञान सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना में दो गोवंश की भी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं 55 वर्षीय राम बहादुर निवासी जलालपुर मलाक सुबह शौच के लिए खेत में गए थे। इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।तथा प्रयागराज-जौनपुर सीमा से सटे मोलनापुर गांव निवासी 17 वर्षीय अजीत चौहान,सुबह खेत की ओर जा रहा था। हल्की बारिश के बीच अचानक वज्रपात हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं उसके पास रखा मोबाइल फोन भी ब्लास्ट हो गया। परिजनों के द्वारा घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।अजीत तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था, जिससे परिवार में गहरा शोक है।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस व तहसील के अधिकारीयों ने मौके पर पहुंच जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात कही गई है।

Comments (0)