Khabarilaal News Desk :
चोलापुर। सब्जी उत्पादक किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को एक विशेष एक्सपोजर विजिट (परिभ्रमण कार्यक्रम) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समुन्नती फाउंडेशन एवं मैरिको इनोवेशन फाउंडेशन के सहयोग से चोलापुर कल्याण फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया।
40 किसानों ने लिया भाग
कार्यक्रम में चोलापुर विकासखंड के विभिन्न गांवों से लगभग 40 किसानों ने हिस्सा लिया और आधुनिक कृषि तकनीकों, भंडारण प्रणाली तथा फसल प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस परिभ्रमण का मुख्य उद्देश्य फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान (पोस्ट हार्वेस्ट लॉस) को कम करना और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना था।
प्रगतिशील किसानों से साझा किए अनुभव
कार्यक्रम के दौरान किसानों को उन प्रगतिशील किसानों से भी संवाद कराया गया, जो पहले से ही आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर बेहतर उत्पादन और अधिक आय प्राप्त कर रहे हैं।
प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वैज्ञानिक खेती, उचित भंडारण और बेहतर प्रबंधन से न केवल उपज की गुणवत्ता बढ़ती है, बल्कि बाजार में बेहतर मूल्य भी प्राप्त होता है।
विशेषज्ञों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
परिभ्रमण के दौरान किसानों द्वारा पूछे गए सवालों का कृषि विशेषज्ञों और अनुभवी किसानों ने विस्तार से जवाब दिया। इससे किसानों को नई तकनीकों को अपनाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
किसानों ने आधुनिक तकनीकों के प्रति गहरी रुचि दिखाई और उन्हें व्यवहार में अपनाने की इच्छा भी व्यक्त की।
आय बढ़ाने पर दिया गया जोर
चोलापुर कल्याण फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक सौरव रघुवंशी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय में आधुनिक तकनीकों को अपनाना ही किसानों की आर्थिक समृद्धि का आधार है।
उन्होंने कहा कि सही तकनीक और बेहतर प्रबंधन से किसान अपनी उपज का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
आगे भी जारी रहेगा कार्यक्रम
आयोजकों ने बताया कि किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने और उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से यह परिभ्रमण कार्यक्रम आगामी सप्ताह तक लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें।
Comments (0)