Khabarilaal News Desk :
वाराणसी। जमीन के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी काफी समय से पुलिस की निगरानी में था।
रिंग रोड से दबोचा गया आरोपी
जनपद में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और धोखाधड़ी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायक पुलिस आयुक्त कैंट अपूर्व पाण्डेय के नेतृत्व में लालपुर-पाण्डेयपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह की टीम ने शुक्रवार देर रात थाना क्षेत्र के रिंग रोड से आरोपी प्रिंस उपाध्याय पुत्र संतोष उपाध्याय, निवासी परमानंदपुर, थाना शिवपुर को गिरफ्तार किया।
जमीन के नाम पर हड़पे थे रुपये
पुलिस के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को थाना लालपुर-पाण्डेयपुर में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन दिलाने के नाम पर पैसे ले लिए।
जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
गंभीर धाराओं में दर्ज था मुकदमा
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी। शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस टीम को मिली सफलता
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक लालपुर-पाण्डेयपुर अतुल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनीष सिंह, हेड कांस्टेबल चन्द्रसेन सिंह एवं हेड कांस्टेबल सुनील चन्द्र यादव शामिल रहे।
Comments (0)