Khabarilaal News Desk :
चोलापुर। चोलापुर थाना क्षेत्र के असेटुआ गांव स्थित एक तम्बाकू पैकेजिंग फैक्ट्री में कर्मचारियों और एक स्थानीय व्यक्ति की कथित मिलीभगत से लाखों रुपये मूल्य की तम्बाकू चोरी का मामला सामने आया है। फैक्ट्री संचालक की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्टॉक में कमी से खुला चोरी का राज
जानकारी के अनुसार ग्राम असेटुआ निवासी रवि कुमार यादव आरके इंटरप्राइजेज नामक तम्बाकू पैकेजिंग प्रतिष्ठान का संचालन करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी कंपनी में कार्यरत दो कर्मचारियों और एक स्थानीय व्यक्ति ने मिलकर फैक्ट्री से तम्बाकू चोरी करने का सुनियोजित खेल शुरू कर रखा था।
रवि यादव के मुताबिक पिछले कुछ समय से फैक्ट्री के स्टॉक में लगातार कमी देखने को मिल रही थी। शुरुआत में इसे लेखा-जोखा की त्रुटि समझा गया, लेकिन जब नुकसान बढ़ने लगा तो आंतरिक जांच कराई गई।
गोदाम से गायब मिलीं 20 बोरी तम्बाकू
जांच के दौरान गोदाम का निरीक्षण करने पर 20 बोरी तम्बाकू गायब मिली। चोरी हुई तम्बाकू की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
आरोप है कि फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारी रणधीर निवासी परचल, रसूलपुर (हरदोई), लवकुश राजभर निवासी सलारपुर (वाराणसी) तथा सुरेन्द्र पटेल निवासी अईली, थाना चौबेपुर की मिलीभगत से तम्बाकू बाहर निकालकर स्थानीय बाजार में बेची जा रही थी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
फैक्ट्री संचालक की शिकायत के बाद चोलापुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटनाएं कब से चल रही थीं और अब तक कितनी मात्रा में तम्बाकू गायब की जा चुकी है।
साथ ही चोरी के माल की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
प्रभारी निरीक्षक चोलापुर सधुबन राम गौतम ने बताया कि फैक्ट्री संचालक की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)