Khabarilaal News Desk :

चोलापुर। चोलापुर थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के घर में जबरन घुसकर अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने देवर समेत दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात में दरवाजा पीटकर घर में घुसने का आरोप

पीड़िता के अनुसार 10 जून की रात वह अपनी बच्चियों के साथ घर में सो रही थी। देर रात अचानक घर के दरवाजे पर जोर-जोर से दस्तक और पीटने की आवाज आने लगी। आवाज सुनकर महिला जाग गई और उसने अपनी बड़ी बेटी को भी जगा दिया, लेकिन किसी अनहोनी की आशंका से दरवाजा नहीं खोला।

महिला का आरोप है कि इसके बाद उसका देवर और एक अन्य व्यक्ति घर के आंगन में कूद गए तथा दरवाजा खोलने का दबाव बनाने लगे।

दरवाजे तोड़ने और अभद्रता की कोशिश का आरोप

शिकायत के मुताबिक जब महिला ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने मुख्य दरवाजा और आंगन का दरवाजा क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद घर में घुसकर महिला के साथ अभद्रता की गई और उसकी अस्मिता को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया।

महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

डायल-112 पर दी सूचना

घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। हालांकि बारिश के कारण पुलिस सहायता समय पर नहीं पहुंच सकी। पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

प्रभारी निरीक्षक चोलापुर सधुबन राम गौतम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 351(3) एवं 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि पीड़िता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

BUREAU : CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

3 + 5 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!