khabarilaal news desk:-


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस–2026 के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का वातावरण आज पूर्णतः योगमय हो गया। महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में बरेका के विभिन्न स्थानों पर भव्य योग शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों, प्रशिक्षुओं तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया।

अधिकारी क्लब में आयोजित मुख्य योग शिविर का शुभारंभ

अधिकारी क्लब में आयोजित मुख्य योग शिविर का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत को पौधा भेंट कर सम्मानित किए जाने के साथ हुआ। इसके उपरांत महाप्रबंधक द्वारा योग गुरु श्री संजय कुमार शर्मा को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से "वंदे मातरम्" का गायन कर राष्ट्रप्रेम एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उपस्थित जनों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का किया अभ्यास 

तत्पश्चात उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने माननीय प्रधानमंत्री के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संदेश का सजीव प्रसारण देखा। इसके पश्चात योग गुरु श्री संजय कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत, प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों सहित उपस्थित जनों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

आशुतोष पंत ने योग गुरु श्री संजय कुमार शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित

योगाभ्यास के उपरांत महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने योग गुरु श्री संजय कुमार शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।इसी क्रम में प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में प्राचार्य प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र श्री सुभाष चंद्र यादव के कुशल नेतृत्व तथा योग गुरु डॉ. आनंद कुमार कर्ण के मार्गदर्शन में आयोजित योग शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने किया योगाभ्यास

वहीं कर्मचारी क्लब में आयोजित योग शिविर में वरिष्ठ तकनीशियन (विद्युत) एवं योग प्रशिक्षक श्री सरोज कुमार सिंह के निर्देशन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने योगाभ्यास करते हुए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत" के संकल्प को साकार करने की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बरेका के विभिन्न परिसरों में आयोजित इन योग शिविरों में व्यापक जनसहभागिता देखने को मिली। योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का संदेश देते हुए प्रतिभागियों ने "स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत" के संकल्प को साकार करने की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक एवं समग्र पद्धति

योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक एवं समग्र पद्धति है। इसी भावना के साथ बरेका परिवार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस–2026 को उत्साह, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता के साथ मनाते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी-मुख्यालय श्री समीर पॉल ने किया।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

2 + 3 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!