khabarilaal news desk :-
वाराणसी | बाबतपुर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार शाम सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। अभ्यास के दौरान मुख्य टर्मिनल भवन के पूर्वी हिस्से में संदिग्ध व्यक्तियों के देखे जाने का परिदृश्य तैयार किया गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड में आ गईं।
ड्रिल शुरू होते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने की पूरे क्षेत्र की घेराबंदी
ड्रिल शुरू होते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टर्मिनल के बाहर शौचालय के समीप मौजूद यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद आतंकियों की भूमिका निभा रहे तीन संदिग्धों को मुठभेड़ की कार्रवाई के तहत निष्प्रभावी किया गया।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर चलाया सघन तलाशी अभियान

अभ्यास के अगले चरण में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध बैग को विशेष सुरक्षा प्रक्रिया के तहत रस्सी और हुक की सहायता से सुरक्षित दूरी पर खींचकर उसकी जांच की गई।
शाम 5:45 बजे शुरू हुई यह मॉक ड्रिल 15 मिनट में सफलतापूर्वक कर ली गई पूरी
शाम 5:45 बजे शुरू हुई यह मॉक ड्रिल 15 मिनट में सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार अभ्यास का उद्देश्य सुरक्षा बलों की त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का परीक्षण करना था। ड्रिल के दौरान हवाई सेवाएं और यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह सामान्य रही।
Comments (0)