khabarilaal news desk:-

वाराणसी | बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आज दिनांक 30 जून 2026 को प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माह जून 2026 में सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी सहित कुल 18 कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालीन, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। वर्षों तक संगठन की प्रगति में योगदान देने वाले इन कर्मयोगियों को बरेका परिवार ने कृतज्ञता एवं शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया।

समारोह में डी.ई.ई./एम. श्री गुलाम सरवर, वरिष्ठ अकाउंटेंट श्री अशोक कुमार भारतीय, वरिष्ठ अकाउंटेंट श्री प्रकाश चन्द्र भारती, मुख्य कार्यालय अधीक्षक श्री बी.एन. मीना, मुख्य कार्यालय अधीक्षक श्री रोहित कुमार शर्मा, एस.एस.ई./एम./डी. श्री उमेश कुमार, एस.एस.ई./जे एंड टी श्री कमलेश कुमार शर्मा, एस.एस.ई./फिटर श्री अनिल कुमार चौधरी, एस.एस.ई./फिटर श्री राजेन्द्र कुमार, एस.एस.ई./यांत्रिक श्री संजय कुमार आनंद, एस.एस.ई./टी.आर. श्री प्रवीन कुमार गुप्ता, एस.एस.ई./एम.सी.टी. श्री राम आसरे, वरिष्ठ तकनीशियन श्री अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ तकनीशियन श्री सत्य प्रकाश, वरिष्ठ तकनीशियन श्री शशि शंकर सहाय, वरिष्ठ तकनीशियन श्री संजय कुमार, वरिष्ठ तकनीशियन श्रीमती मंजू विश्वकर्मा, कनिष्ठ अभियंता श्री प्रदीप चन्द्र जोशी तथा कुक श्रीमती सेरून निशा को ससम्मान विदाई दी गई।

अपने संबोधन में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी ने कहा कि, "सेवानिवृत्ति किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि अनुभवों और उपलब्धियों से परिपूर्ण एक नई शुरुआत है। आप सभी ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण से बरेका की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आपकी कार्यसंस्कृति एवं सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।" इस अवसर पर उन्होंने सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का माल्यार्पण कर उन्हें स्मृति-चिह्न स्वरूप फोल्डर भेंट किया।

उप मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री समीर पाल ने कहा, "आप सभी ने अपने अनुभव, परिश्रम एवं समर्पण से बरेका की कार्यसंस्कृति को समृद्ध बनाया है। बरेका परिवार आपके अमूल्य योगदान के प्रति सदैव ऋणी रहेगा तथा आपके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ देता है।"

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए बरेका को केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि अपना परिवार बताया। उन्होंने अपने अधिकारियों, सहकर्मियों एवं बरेका परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि यहां बिताए गए वर्षों की स्मृतियाँ सदैव उनके जीवन का अमूल्य हिस्सा रहेंगी।

इस अवसर पर बरेका केंद्रीय चिकित्सालय के मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए।जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि एवं पारिवारिक आनंद से परिपूर्ण जीवन की मंगलकामना की।

समारोह में कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर कर्मचारी परिषद के सदस्य श्री अमित कुमार, श्री नवीन कुमार सिन्हा एवं श्री सुशील कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन, सहकर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) श्री राम प्रवेश यादव ने किया।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

8 + 6 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!