वाराणसी। सेवापुरी ब्लॉक के ग्राम समाज रघुनाथपुर में मंगलवार को भारत रत्न संविधान निर्माता एवं महान समाज सुधारक डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी यतेन्द्र सिंह के दिशा-निर्देशन एवं “मेरा युवा भारत” वाराणसी के तत्वावधान में किया गया।
सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य संगोष्ठी
इस अवसर पर सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य संगोष्ठी के साथ-साथ विशाल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास की मुख्य धारा से जोड़ना रहा।
अतिथियों का गर्मजोशी से किया गया स्वागत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी हर्षवर्धन सिंह, नेवड़ा ग्राम प्रधान गगन सिंह, रघुनाथपुर ग्राम प्रधान गुंजन सिंह, थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्या एवं समाजसेवी रेखा दूबे उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, वहीं उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।
क्षेत्र में उत्साह और जागरूकता का वातावरण
रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं आयोजकों द्वारा किया गया, जो सेवापुरी ब्लॉक के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। “जय भीम” और सामाजिक जागरूकता से जुड़े नारों के बीच निकली इस रैली ने पूरे क्षेत्र में उत्साह और जागरूकता का वातावरण बना दिया।
भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका
कार्यक्रम के दौरान आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, सामाजिक समानता के लिए उनके योगदान तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं।
समाज में समानता एवं एकता का संदेश
इस आयोजन को सफल बनाने में “मेरा युवा भारत” वाराणसी के सेवापुरी ब्लॉक के युवा स्वयंसेवक प्रत्यूष सिंह एवं आयुषी दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सक्रिय योगदान दिया।यह कार्यक्रम न केवल बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर बना, बल्कि युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने और समाज में समानता एवं एकता का संदेश देने में भी सफल रहा।
Comments (0)