Khabarilaal news desk:-
वाराणसी,उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार "एक वृक्ष माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के उद्यान विभाग द्वारा माननीय कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा की अध्यक्षता में आज विश्वविद्यालय परिसर में बृहद् वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक ऋचाओं एवं मंगलमय मंत्रोच्चार के मध्य विधिवत् पूजन के साथ हुआ, जिससे सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक एवं पर्यावरणीय चेतना से अनुप्राणित हो उठा।
वृक्षों का संरक्षण ही प्रकृति, संस्कृति और मानवता की सच्ची सेवा है
इस अवसर पर कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने स्वयं पौधरोपण कर अभियान का शुभारम्भ किया तथा सभी को अधिकाधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा किमाता हमें जीवन देती हैं और वृक्ष जीवन को प्राणवायु प्रदान करते हैं। 'एक वृक्ष माँ के नाम' अभियान भारतीय संस्कृति के मातृ-वंदन, प्रकृति-पूजन और पर्यावरण संरक्षण की महान परम्परा का सशक्त प्रतीक है। वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक व्यक्ति पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षण का दायित्व निभाए।
भारतीय संस्कृति में वृक्ष देवतुल्य - कुलपति बिहारी लाल शर्मा
उन्होंने कहा कि भारतीय शास्त्रों में वृक्षों को देवतुल्य माना गया है। 'वृक्षो रक्षति रक्षितः' का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण जन-आन्दोलन का स्वरूप ग्रहण करना चाहिए।
विद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न प्रकार के पौधे
विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परम्परा के आलोक में पर्यावरण संरक्षण के ऐसे लोक कल्याणकारी अभियानों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।कार्यक्रम के दौरान आम, अमरूद, जामुन, कटहल, नींबू, करौंदा, पंछियाना,नींबू,कामिनी, हरसिंगार, गुड़हल, फ्यूमेरिया, चंपा, मौलश्री, नीम, केतकि, सागौन, शिग्रु,अर्जुन, गूलर, पाकड़,राजवृक्ष एवं कचनार सहित अनेक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं प्रकृति के कल्याण की मंगलकामना तथा प्रत्येक प्रतिभागी द्वारा पौधों के संरक्षण के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जन
इस अवसर पर कुलानुशासक प्रो. जितेन्द्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार, डॉ. रविशंकर पाण्डेय, कार्यक्रम संयोजक डॉ. ज्ञानेन्द्र साँपकोटा, डॉ. नितिन आर्य, अजय कुमार पाण्डेय, शशि कुमार पाण्डेय, संजय कुमार तिवारी सहित विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
Comments (0)