वाराणसी। जनपद के नोडल अधिकारी तथा प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जलनिग़म (ग्रामीण) डॉ राजशेखर की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने नोडल अधिकारी के समक्ष जनपद के विकास कार्यों को रेखांकित किया।
समस्त विभाग विकास कार्यक्रमों में लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित
बैठक के दौरान नोडल अधिकारी ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
लाभार्थीपरक योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश
समीक्षा में अवसंरचना विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, लोक निर्माण विभाग, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, पेयजल, महिला एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। नोडल अधिकारी ने लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा लाभार्थीपरक योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।समीक्षा बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी द्वारा नोडल अधिकारी के समक्ष विभिन्न विकास कार्यक्रमों की प्रगति के बारे में जानकारी दी गयी।
निर्माणाधीन सड़कों का जल्द पूरा करें काम
नोडल अधिकारी ने समाज कल्याण की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लंबित लाभार्थियों के आधार सीडिंग का कार्य शत प्रतिशत पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने पी डबल्यू डी को निर्माणाधीन सभी सड़कों पर तेजी से कार्य कराते हुए पूर्ण कराए जाने हेतु निर्देशित किया।जनपद में चिह्नित सभी कुपोषित/अति कुपोषित श्रेणी के बच्चों पोषण पर विशेष ध्यान देते हुए एवं प्रभावी कार्यवाही कर उनको सुपोषित श्रेणी में लाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत शत प्रतिशत लाभार्थियों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की अपेक्षित भौतिक एवं वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश
नोडल अफसर ने सीएमआईएस पोर्टल पर प्रदर्शित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की अपेक्षित भौतिक एवं वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नमामि गंगे के अंतर्गत पेय जलापूर्ति हेतु लक्ष्य के सापेक्ष घरों को कनेक्शन देने के कार्यों को तेजी से करा लिए जाने हेतु निर्देशित किया।
योजनाओं की लगातार करे मानिटरिंग
प्रबंध निदेशक ने अन्य समस्त विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग करते रहें तथा लक्ष्य के सापेक्ष शीघ्रता से कार्य पूर्ण कराएं जिससे आमजन को योजनाओं लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में इन प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
बैठक में लोकनिर्माण, विद्युत विभाग, जलनिगम, शिक्षा विभाग,, पर्यटन, समाज कल्याण एक्स महिला एवं बाल विकास, नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी गण उपस्थित रहे।
Comments (0)