Khabrilaal News Desk :
ईरान को लेकर खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अफ्रीका से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़े आतंकियों ने पश्चिमी अफ्रीकी देश माली में अपना प्रभाव तेजी से बढ़ा लिया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि अमेरिका, फ्रांस, यूरोप और रूस जैसी बड़ी ताकतें भी आतंकियों को रोकने में अब तक नाकाम साबित हुई हैं।
अलकायदा से जुड़े संगठन JNIM ने मचाया खूनी आतंक
माली में अलकायदा से जुड़े आतंकी संगठन जमात नुसरत अल-इस्लाम वल मुस्लिमिन (JNIM) ने लगातार हमले तेज कर दिए हैं। गुरुवार को हुए दो बड़े आतंकी हमलों में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। इन हमलों की जिम्मेदारी JNIM ने ली है। संगठन लगातार माली की सेना और सुरक्षा बलों को निशाना बना रहा है।
रक्षा मंत्री की कार बम से हत्या
माली के पूर्व रक्षा मंत्री सादियो कामरा की भी हाल ही में कार बम हमले में हत्या कर दी गई थी। सादियो कामरा वही नेता थे जिन्होंने माली की सेना और रूसी सैनिकों के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाया था। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो माली पूरी तरह आतंकियों के कब्जे में जा सकता है।
राजधानी बमाको तक बढ़ा आतंकियों का प्रभाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक JNIM ने उत्तरी शहर किदल में माली की सेना और रूसी लड़ाकों को भारी नुकसान पहुंचाया है। वहीं राजधानी बमाको में भी कई महीनों से आतंकियों का दबदबा बढ़ता जा रहा है। माली में जारी हिंसा के कारण लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं।
फ्रांस, रूस और अमेरिका भी नहीं रोक पाए आतंक
फ्रांस ने साल 2012 में माली में सैन्य अभियान चलाकर कई इलाकों को आतंकियों से मुक्त कराया था, लेकिन 2021 के तख्तापलट के बाद फ्रांसीसी सेना को वापस लौटना पड़ा। इसके बाद रूसी भाड़े के सैनिकों की तैनाती की गई, लेकिन वे भी आतंकियों को रोकने में प्रभावी साबित नहीं हुए।
विशेषज्ञों का मानना है कि अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी के बाद अब माली ऐसा दूसरा बड़ा क्षेत्र बनता जा रहा है, जहां जिहादी संगठन पूरे देश पर कब्जा जमाने की स्थिति में पहुंच गए हैं।
दुनिया का ध्यान खाड़ी संकट पर, माली में बढ़ रहा खतरा
विश्लेषकों का कहना है कि दुनिया इस समय ईरान और खाड़ी संकट में उलझी हुई है, जबकि अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में अलकायदा तेजी से अपने पैर पसार रहा है। इराक, सीरिया, अफगानिस्तान के बाद अब माली भी आतंकवाद का बड़ा केंद्र बनता दिखाई दे रहा है।
Comments (0)