वाराणसी --अखिल भारतीय सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में दो युवा साहित्यकारों प्रो. गोरखनाथ एवं डॉक्टर सुधा त्रिपाठी को उनके विशिष्ट योगदान के लिए AICC सम्मान- 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नागरी नाटक मण्डली प्रेक्षागृह में आयोजित रहा।
प्रो. गोरखनाथ उदय प्रताप पीजी कॉलेज वाराणसी के हिंदी विभाग के रहे विभागाध्यक्ष
समारोह में पद्म भूषण महामहोपाध्याय प्रो. देवी प्रसाद द्विवेदी द्वारा AICC सम्मान से इन दोनों साहित्यकारों को पुरस्कृत किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रो. गोरखनाथ उदय प्रताप पीजी कॉलेज वाराणसी के हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। उनकी तीन आलोचना पुस्तकें प्रकाशित हैं। हिंदी आलोचना और डॉक्टर रामविलास शर्मा, भोजपुरी लोक साहित्य संचयन और पाली पराग हैं।
साहित्य के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं प्रोफेसर गोरखनाथ
इसके अलावा गोरखनाथ जी लगातार साहित्य के लिए सक्रिय रहते हैं। गोरखनाथ जी वर्तमान साहित्य जैसी महत्वपूर्ण साहित्यिक पत्रिका के संपादक मंडल में भी शामिल हैं, और कॉलेज की पत्रिका उदयश्री के संपादक भी हैं।
आलोचना संस्कृति को समृद्ध करते हुए साहित्य के इतिहास लेखन पर भी किया है बेहद महत्वपूर्ण कार्य
इसी प्रकार युवा आलोचक डॉक्टर सुधा त्रिपाठी इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में सहायक प्रोफेसर पद पर हैं। सुधा जी की अनेक आलोचना पुस्तक प्रकाशित हैं। इन्होंने कवि केदारनाथ अग्रवाल, नागार्जुन, मुक्तिबोध, शमशेर बहादुर सिंह, त्रिलोचन के विशिष्ट काव्यात्मक प्रभाव और आलोचना संस्कृति को समृद्ध करते हुए साहित्य के इतिहास लेखन पर भी बेहद महत्वपूर्ण कार्य किया है जो पुस्तक के रूप में आ भी चुकी है। मूलतः डॉक्टर सुधा त्रिपाठी इसके अलावा साहित्यिक पत्रिका माटी की संपादक भी हैं, और निरन्तर लेखनरत रहती हैं।
इन दोनों साहित्यकारों को मुख्य अतिथि महामहोपाध्याय पद्म भूषण प्रोफेसर देवी प्रसाद द्विवेदी एवं विशिष्ट अतिथि महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के पूर्व प्रति कुलपति एवं बीएचयू में पंडित मदन मोहन मालवीय शिक्षा प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रोफेसर आनंद वर्धन शर्मा, व राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना शर्मा द्वारा दोनों साहित्यकारों प्रोफेसर गोरखनाथ एवं डॉ. सुधा त्रिपाठी को इस विशेष अवसर पर शाल देकर, माला पहनाकर, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ राम सुधार सिंह ने तथा आभार ज्ञापन संस्था के महासचिव बलवन्त कुमार ने किया।
इस अवसर पर डॉक्टर सुनील कुमार शाह, अशोक आनंद, अशोक अग्रवाल, राजेश श्रीवास्तव, दीपक गिरि, राजीव रंजन, उमेश भाटिया, डॉक्टर स्वदेश सिंह अनुपम सिंह डॉक्टर अशोक द्विवेदी, डॉ. प्रीति श्रीवास्तव, शोएब अख्तर, राजेश मौर्य समेत काफी संख्या में नगर के साहित्य प्रेमी और बुद्धिजीवी गण उपस्थित रहे।
Comments (0)