वाराणसी।शीतला धाम से दर्शन कर लौट रही मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलट गई।यह हादसा मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के समीप तीव्र मोड़ पर हुआ।इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दर्जन भर लोग घायल हो गए घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

दर्शन कर लौट रहे मजदूर करते हैं ईट भट्टे पर काम

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार सभी 24 मजदूर झारखंड के लोहरदगा जनपद के निवासी थे, जो अर्जुनपुर के पास स्थित एक ईंट-भट्टे पर कार्य करने के लिए तीन दिन पूर्व ही क्षेत्र में आए थे। शुक्रवार को सभी मजदूर अदलपुर स्थित शीतला धाम में दर्शन-पूजन कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

तेज रफ्तार के चलते हुआ हादसा

बताते चलें कि कि मजदूरों से लदा ट्रैक्टर मिर्जामुराद लालपुर गांव के समीप एक तीव्र मोड़ पर पहुंचते ही रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

20 वर्षीय रिंकू के रूप में मृतक की हुई पहचान

हादसे में मृत युवक की पहचान रिंकू (लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ट्रैक्टर के आगे बैठा था। वह तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था तथा उसके पीछे दो वर्ष की एक बच्ची है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

हादसे में घायल मजदूर

घायलों में जयराम, वीरेंद्र, प्रियांशु, मंजू, मंगल, प्रदीप और संदीप समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू किया राहत बचाव कार्य

सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। रोजी-रोटी की तलाश में दूर प्रदेश से आए मजदूरों के साथ हुई इस घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

8 + 1 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!