Khabarilaal News Desk
वाराणसी।रेलवे बोर्ड के दिशानिर्देशों के अनुपालन में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के कुशल दिशा निर्देशन में दिनांक 15 मई से 5 जून 2026 तक “विश्व पर्यावरण दिवस–2026” अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों एवं आमजन के बीच पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन तथा सतत जीवन शैली के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन तथा सतत जीवन शैली के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना
अभियान के अंतर्गत बरेका परिसर में विभिन्न जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता संबंधी शपथ ग्रहण से हुई। कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ, हरित एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाए रखने का लिया संकल्प
शपथ के माध्यम से सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण करने, अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने का संकल्प लिया। जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ, हरित एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाए रखने का संकल्प लिया।
इलेक्ट्रॉनिक नोटिस बोर्डों के माध्यम से डिजिटल संदेश किए गए प्रसारित
पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु बरेका परिसर के प्रमुख स्थलों पर विश्व पर्यावरण दिवस संबंधी बैनर प्रदर्शित किए गए तथा इलेक्ट्रॉनिक नोटिस बोर्डों के माध्यम से डिजिटल संदेश प्रसारित किए गए। इसके अतिरिक्त, कार्यशाला परिसर में पीए सिस्टम द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता संबंधी घोषणाओं के माध्यम से कर्मचारियों एवं आमजन को जागरूक किया गया।
सुखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने हेतु किया गया प्रेरित
अभियान के दौरान अपशिष्ट पृथक्करण (Waste Segregation) को प्रोत्साहित करने के लिए सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड एवं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों द्वारा आवासीय क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान चलाकर पम्पलेट वितरित किए गए तथा लोगों को सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने हेतु प्रेरित किया गया। इसके साथ ही कार्यशाला कैंटीन में कर्मचारियों को उचित अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण की वैज्ञानिक पद्धति एवं प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने के संबंध में जागरूक किया गया।
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत इंजन डिवीजन, लोको डिवीजन एवं स्टोर डिवीजन सहित विभिन्न कार्यस्थलों पर विशेष गहन चलाया गया सफाई अभियान
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत इंजन डिवीजन, लोको डिवीजन एवं स्टोर डिवीजन सहित विभिन्न कार्यस्थलों पर विशेष गहन सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यस्थलों की साफ-सफाई के साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही “प्लास्टिक उपयोग में कमी एवं सतत जीवन शैली” विषयक विशेष जन-जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से बचने, स्वयं की पानी की बोतल प्रयोग करने तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
Comments (0)