khabarilaal news desk:-

वाराणसी | बाबतपुर लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्य को गति देने के लिए गुरुवार को अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन की अध्यक्षता में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण एएआई के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

एयरपोर्ट विस्तार से संबंधित सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश

बैठक में एयरपोर्ट विस्तार से संबंधित सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि जिन प्रभावित लोगों के प्रकरण जिला स्तरीय समिति के समक्ष विचाराधीन हैं, उनका जल्द निस्तारण किया जाएगा। साथ ही शेष पात्र प्रभावितों को मुआवजे के भुगतान की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी।

एयरपोर्ट विस्तार परियोजना से प्रभावित संरचनाओं के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की

बैठक के बाद राजस्व विभाग और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने ग्राम पुरारघुनाथपुर, तहसील पिंडरा में एयरपोर्ट विस्तार परियोजना से प्रभावित संरचनाओं के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान सुरेश कुमार राव, राजबली यादव तथा शारदा पटेल की संरचनाओं को हटाया गया।

संयुक्त टीम ने उन अन्य प्रभावित लोगों को भी दी कड़ी चेतावनी

संयुक्त टीम ने उन अन्य प्रभावित लोगों को भी कड़ी चेतावनी दी, जिन्होंने अब तक स्वयं अपनी संरचनाएं नहीं हटाई हैं। उन्हें सूचित किया गया कि यदि वे स्वेच्छा से निर्माण नहीं हटाते हैं तो 17 जुलाई को पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

8 + 10 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!