Khabarilaal news desk:-
वाराणसी।विकास खंड चोलापुर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सभाओं में पेयजल संकट और जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।
खंड विकास अधिकारी से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का जल्द निस्तारण नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार (राजूराम) एवं ब्लॉक अध्यक्ष मनोज चौबे के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना चोलापुर क्षेत्र में अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रही है। उनका कहना था कि कई गांवों में पानी की टंकियां बने दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों को लगातार करना पड़ रहा है पेयजल संकट का सामना
कई स्थानों पर पाइपलाइन और कनेक्शन का कार्य भी अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि जगदीशपुर भनदहा, नियार, धौरहरा, हरिहरपुर, कौवापुर, कादीपुर कला, बाबतपुर, रजला, उधी रामपुर, मुरारी, चौबेपुर खुर्द, हाजीपुर और गदसरा समेत दर्जनों गांवों में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने योजना की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
जल जीवन मिशन में अनियमितता का आरोप, बारिश से पहले सड़क मरम्मत की मांग
इस दौरान क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मानसून से पहले सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ज्ञापन में नियार बाजार से रामपुर, कामला रोड से सेंगरे, दुर्गानगर से खनुआन होते हुए तिलमापुर, चोलापुर रसड़ा मोड़ से भनदहा, कपीसा मोड़ से पहाड़पुर, ढेहरी मोड़ से मोहनपुरवा, चोलापुर-बेला रोड से धौरहरा तथा हरिहरपुर नाद नदी से मुस्लिम बस्ती तक जाने वाले मार्गों की तत्काल मरम्मत की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन
खंड विकास अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में इन प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार, रमेश सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मनोज चौबे, अमरनाथ मिश्रा, बीरेंद्र प्रताप सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक सिंह, सदर अमीन, राजू मास्टर, कल्पनाथ शर्मा, सुरेंद्र, श्याम बाबू सिंह, ब्रजेश कुमार जायसवाल, गौरी शंकर चौहान, सुदुम कुमार यादव, अभिषेक सिंह, सच्चिदानंद सिंह, अंशुमान जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
Comments (0)