Khabarilaal News Desk
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शनिवार को वाराणसी के प्राचीन संकट मोचन मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर भगवान संकटमोचन हनुमान जी के समक्ष प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण की कामना की। मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, किसानों की खुशहाली, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रार्थना की।
महोबा में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुई दरिंदगी और निर्मम हत्या पर जताया शोक
दर्शन-पूजन के उपरांत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने महोबा में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुई दरिंदगी और निर्मम हत्या की घटना पर गहरा शोक एवं आक्रोश व्यक्त किया।दिवंगत छात्रा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान पीड़ित परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
प्रदेश में शांति, सद्भाव और न्याय का वातावरण हो स्थापित
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भगवान संकटमोचन हनुमान जी से प्रार्थना करते है प्रदेश में शांति, सद्भाव और न्याय का वातावरण स्थापित हो, अपराधियों को उनके कृत्यों का दंड मिले तथा प्रदेश की प्रत्येक बेटी स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके हम काशीवासियों सहित समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करते है।
उत्तर प्रदेश और देश की बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय- अजय राय
महोबा में मृतक बिटिया छात्रा को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे यह केवल एक परिवार की बेटी के साथ हुई घटना नहीं है, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश की बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। जिस बेटी ने अपने जीवन में आगे बढ़ने और डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने का सपना देखा था, उसके साथ जिस प्रकार की बर्बरता की गई, उसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है भगवान पीड़ित परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
माता-पिता के लिए अपनी बेटी को इस प्रकार खो देना सबसे बड़ा दुःख-अजय राय
किसी भी माता-पिता के लिए अपनी बेटी को इस प्रकार खो देना सबसे बड़ा दुःख होता है और इस पीड़ा की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।उत्तर प्रदेश में लगातार महिलाओं, छात्राओं और बेटियों के विरुद्ध अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती हैं। सरकार लगातार सुरक्षा के दावे करती है, लेकिन जमीन पर अपराधियों के मन में कानून का कोई भय दिखाई नहीं देता।
अपराधी खुलेआम जघन्य घटनाओं को दे रहे अंजाम
अपराधी खुलेआम जघन्य घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और निर्दोष परिवार न्याय के लिए भटकने को मजबूर हैं।हम केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए तथा उन्हें जल्द से जल्द फांसी जैसी कठोरतम सजा दिलाई जाए।
ऐसे अपराधियों के लिए किसी प्रकार की नरमी समाज के साथ अन्याय
ऐसे अपराधियों के लिए किसी प्रकार की नरमी समाज के साथ अन्याय होगी और इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा। इसलिए सरकार को उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कठोर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी अमानवीय घटना को अंजाम देने का साहस न कर सके।उत्तर प्रदेश सरकार तत्काल प्रभाव से मृतक छात्रा के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करे।
कठिन परिस्थितियों में परिवार को सहारा देने के लिए सरकार का संवेदनशील कदम आवश्यक
आर्थिक सहायता किसी बेटी के जीवन का विकल्प नहीं हो सकती, लेकिन कठिन परिस्थितियों में परिवार को सहारा देने के लिए सरकार का संवेदनशील कदम आवश्यक है।महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में वर्तमान सरकार को जवाबदेही तय की जानी चाहिए तथा अपराध की रोकथाम के लिए ठोस एवं परिणामकारी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।
कांग्रेस पार्टी सदैव महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के पक्ष में
कांग्रेस पार्टी सदैव महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के पक्ष में खड़ी रही है तथा महोबा की बेटी के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई में भी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।जब तक दोषियों को कठोर सजा नहीं मिलती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक समाज की संवेदनाएं शांत नहीं होंगी।पीड़ित परिवार के साथ कांग्रेस पार्टी मजबूती से खड़ी है ।
दर्शन पूजन के दौरान इन प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय संग महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे , ओमप्रकाश ओझा ,मनीष मोरोलिया , फसाहत हुसैन बाबू , अरुण सोनी , विकेश सिंह ,हसन मेहदी कब्बन, रोहित दुबे ,चंचल शर्मा , सुनील श्रीवास्तव , संजय प्रियदर्शी , तरंग सेठ ,ओम शुक्ला , धीरज सोनकर , अरविंद सेठ ,अफसर ख़ान , इमाम रजा , आशुतोष श्रीवास्तव ,आयुष पटेल आदि लोग उपस्थिति रहे।
Comments (0)