वाराणसी । मंगलवार को वाराणसी में गैस रिसाव के चलते हुए ब्लास्ट से सबके रोंगटे खड़े कर दिए।धर्मनगरी काशी के मंडुवाडीह इलाके में एक जोरदार सिलेंडर ब्लास्ट ने पूरे क्षेत्र को दहला कर रख दिया है। इस हादसे में एक मकान की छत और दीवार भरभरा कर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार घटना मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके की है। जहां अचानक हुए तेज धमाके के साथ घर की दीवारें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं। धमाका इतना जबरदस्त था कि आस-पास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया गया । मौके पर जमा भारी भीड़ और अपनों को खोने का डर का वह मंजर बेहद डरावना था।
डॉक्टर ने दो घायलों की मौत कि की पुष्टि
बताते चलें कि मलबे से निकाले गए सभी लोगों को आनन-फानन में बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लक्ष्मी साहनी और छोटू साहनी को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से हुए घायल
आपको यह भी बता दे की सिलेंडर ब्लास्ट के दौरान धराशाही हुए मकान में दबकर घायल होने वालों में प्रमुख रूप से 65 वर्षीय गिरिजा देवी तथा 35 वर्षीय मनु साहनी रहे।फिलहाल दोनों घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रशासन के द्वारा पूरी की गई कानूनी कार्रवाई
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम हरकत में आ गई। एडीसीपी नीतू, मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राय वर्मा और लहरतारा चौकी इंचार्ज राहुल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा राहत बचाव कार्य में जुट गई।
उधर नगर निगम के अधिकारी भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तथा जेसीबी और मशीनों के जरिए मलबा हटाया गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे के नीचे अब कोई और न फंसा हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर ब्लास्ट की मुख्य वजह क्या रही।
पीड़ित परिवार को मदद देने में जुटा जिला प्रशासन
वाराणसी के इस हादसे ने एक बार फिर गैस सिलेंडर के इस्तेमाल में बरती जाने वाली सावधानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब पीड़ित परिवार को हर संभव मदद पहुंचाने की कोशिश में जुटा है।
Comments (0)