khabarilaal news desk
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन एवं प्रमुख कार्मिक अधिकारी श्री लाल जी चौधरी के मार्गदर्शन में बरेका कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान हेतु कर्मचारी शिकायत निवारण कैंप का आयोजन किया गया।
कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सेवा संबंधी समस्याओं को किया प्रस्तुत
दिनांक 18 मई 2026 को कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित यह कैंप लोको डिवीजन के मीटिंग रूम में वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी/कर्मशाला श्री एम. ए. अंसारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी/कर्मशाला श्री पियूष मिंज के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कैंप का आयोजन प्रातः एवं अपराह्न सत्रों में किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सेवा संबंधी समस्याओं को प्रस्तुत किया।
कर्मचारियों को एक ही स्थान पर समन्वित समाधान उपलब्ध
कर्मचारी शिकायत निवारण कैंप में पदोन्नति, वेतन, अवकाश, पास एवं अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु कार्मिक अनुभाग, लेखा अनुभाग एवं वेतन अनुभाग के पर्यवेक्षक एवं डीलिंग स्टाफ भी उपस्थित रहे, जिससे कर्मचारियों को एक ही स्थान पर समन्वित समाधान उपलब्ध कराया जा सका।
कैंप के दौरान कुल 68 कर्मचारियों की समस्याओं एवं शिकायतों को किया गया दर्ज
कैंप के दौरान कुल 68 कर्मचारियों की समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज किया गया, जिनमें से 17 मामलों का मौके पर ही समाधान कर कर्मचारियों को त्वरित राहत प्रदान की गई। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।इस अवसर पर कार्मिक विभाग के सभी कल्याण निरीक्षक, कर्मचारीगण तथा कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप यादव एवं परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यस्थल पर सकारात्मक संवाद, बेहतर समन्वय एवं संतोषजनक कार्य
जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार के अनुसार, बरेका प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के शिकायत निवारण कैंप आयोजित किए जाते हैं, जिससे कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु एक सुलभ, संवेदनशील एवं प्रभावी मंच प्राप्त हो सके। इस प्रकार की पहलें न केवल कर्मचारियों के विश्वास को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि कार्यस्थल पर सकारात्मक संवाद, बेहतर समन्वय एवं संतोषजनक कार्य वातावरण को भी प्रोत्साहित करती हैं।
Comments (0)